राज्यसभा चुनाव के लिए झारखंड में राजग व संप्रग में तेज हुई मुहिम
यूं तो इस चुनाव में जीत व हार की कुंजी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के हाथों में है लेकिन दोनो ही दलों ने अपनी स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं की है। इस बीच दोनों गठबंधनों ने छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों को लुभाने की कोशिशें आरंभ कर दी हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव के लिए अजय मारू और अनूप अग्रवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। संप्रग की ओर से कांग्रेस ने धीरज साहू और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन को उम्मीदवार बनाया है।
झामुमो और कांग्रेस मिलकर राज्यसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में झामुमो के 17 और कांग्रेस के 9 विधायक हैं। विधानसभा में मौजूदा विधायकों की संख्या फिलहाल 73 है।
झामुमो और कांग्रेस को चार निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिल चुका है। दोनों दल अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का समर्थन प्राप्त करने की कोशिश में लगे हुए हैं। लोकसभा चुनाव में राजद को अलग-थलग छोड़ने के कारण उसके नेता नाराज हैं।
झामुमो के वरिष्ठ नेता सुधीर महतो ने कहा, "राज्यसभा चुनाव में हमारी जीत होगी और इसके बाद राज्य में संप्रग की सरकार बनेगी।"
उधर, भाजपा के एक वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "झामुमो और राजद के कुछ विधायक हमारे संपर्क में हैं। ये विधायक विधानसभा चुनाव में टिकट का आश्वासन चाहते हैं। हम उनके प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications