बिहार में एपीपी की गोली मारकर हत्या
पटना, 19 जून (आईएएनएस)। बिहार के अररिया व्यवहार न्यायालय के सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) देव नारायण मिश्र की शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके विरोध में अररिया व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ताओं ने आज कामकाज का बहिष्कार किया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को देव नारायण मिश्र अन्य दिनों की भांति न्यायालय जा रहे थे कि एक मोटरसाईकिल पर सवार तीन व्यक्तियों ने आश्रम चौक के पास उन्हें गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
अररिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी सदर थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस ने मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि अररिया से बाहर जाने वाले सभी सड़कों को सील कर दिया गया है तथा वाहनों की सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
इधर, इस घटना के बाद गुस्साए अधिवक्ताओं ने आज अररिया न्यायालय में कामकाज का बहिष्कार किया। लोगों ने भी इस घटना के विरोध में अररिया बाजार बंद रखा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications