हिमाचल के छात्र वाजपेयी के दीर्घायु होने की रोज करते हैं कामना
वाजपेयी ने तीन साल पहले कुल्लू के प्रिनी गांव स्थित सरकारी उच्च विद्यालय का दौरा किया था। इस स्कूल की कार्यकारी प्रधानाध्यापिका हर्षना बहल ने आईएएनस से बातचीत में कहा, "सुबह-सुबह जब स्कूल में प्रार्थना सभा होती है तो हमारे छात्र प्रतिदिन वाजपेयीजी के अच्छे स्वास्थ और उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं।"
उन्होंने कहा, "हमें आज भी वह दिन याद है जब वाजपेयी तीन साल पहले हमारे स्कूल में आए थे और उन्होंने देवदार का एक पौधा स्कूल प्रांगण में लगाया था।"
स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा नमिता कहती है, "वह जब हमारे स्कूल में आए थे, उसकी यादें आज भी तरोताजा है। उन्होंने खुले मन से बच्चों से बात की थी। मैं उन पलों को नहीं भूल सकती।"
नमिता ने कहा, "दुख की बात है कि वाजपेयीजी का स्वास्थ्य अभी अच्छा नहीं है। हम उनके दीर्घायु होने की प्रतिदिन कामना करते हैं ताकि वह फिर से हमारे बीच आएं और हमें अपना आशीर्वाद दें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications