गैर सुरक्षा मानक वाले खिलौनों के आयात पर रोक
नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। सरकार ने उन खिलौनों के आयात पर जनवरी 2010 तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है, जो अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरते। अब तक यह प्रतिबंध केवल चीनी खिलौनों तक ही सीमित था।
एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, "इस तरह के खिलौनों का आयात 23 जनवरी 2010 तक तथा अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा।"
विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है, "अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों की पुष्टि करने वाले खिलौनों का आयात किया जा सकेगा।"
डीजीएफटी ने कुछ इस तरह की व्यवस्था को अनिवार्य बना दिया है कि खिलौना उत्पादक की ओर से खिलौने के साथ एक आपुष्टि प्रमाणपत्र लगाना होगा कि प्रस्तुत खिलौनों का नमूना इंटरनेशनल लैबोरेटरी एक्रीडिटेशन कॉरपोरेशन जैसी किसी स्वतंत्र प्रयोगशाला से जांचा जा चुका है।
इसी वर्ष जनवरी महीने में स्वास्थ्य कारणों से चीन से खिलौनों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications