स्वाइन फ्लू : 9 नए मरीज, देश में 44 मामले (राउंडअप)

दिल्ली में गुरुवार को पांच, बेंगलुरू में तीन और हैदराबाद में फ्लू के एक मामले की पुष्टि हुई है। उन सभी को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव जे.पी.सिंह ने आईएएनएस को बताया, "चार और लोगों में गुरुवार को फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है।" जे.पी.सिंह ने कहा कि सभी पीड़ितों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली में तीन पीड़ित क्रमश: अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया से आए हैं और दो पीड़ित पुरुष से पुरुष में हुए संक्रमण के शिकार हुए हैं। स्वाथ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, "बुधवार को पुष्ट हुए दो मामलों के संपर्क में आने से उनके दो परिजनों में वायरस का संक्रमण हो गया।"

मंत्रालय की ओर से कहा गया है, "अभी तक 370 लोगों से लिए गए नमूनों की जांच की जा चुकी है। उनमें से 44 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें से चार मामले घरेलू हैं जो विदेशों से यात्रा कर लौटे पीड़ितों से संक्रमित हुए हैं।"

मंत्रालय की ओर से कहा गया है, "44 मामलों में से 16 पीड़ितों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। बाकी मरीजों की हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है।"

हैदराबाद में पाया गया फ्लू पीड़ित व्यक्ति भी अमेरिका से आया हुआ था।

उधर बेंगलुरू में भी एक 12 साल के लड़के सहित तीन लोगों में फ्लू की पुष्टि हुई है।

बेंगलुरू स्थित राजीव गांधी छाती रोग संस्थान के निदेशक एस.बुग्गी ने आईएएनएस को बताया, "दो दिन पहले बैंकाक से आए दो व्यापारियों में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 12 वर्षीय बच्चा लास एंजेलिस से आया हुआ है।"

बुग्गी ने कहा, "जिन 15 लोगों से दो दिन पहले नमूने इकट्ठा किए गए थे, उनमें से तीन में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है। वे सभी अच्छी तरह हैं और स्वस्थ हैं। हमने उन्हें अलग वार्ड में रखा है।"

बेंगलुरू में फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए बेंगलुरू के स्वास्थ्य और परिवार सेवा के निदेशक ने शहर के विक्टोरिया अस्पताल और लेक व्यू जैसे अस्पतालों में फ्लू के रोगियों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की है।

दूसरी ओर फ्लू के बढ़ते मामलों से बेफिक्र केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने भुवनेश्वर में संवाददाताओं को बताया, "चिंता करने की कोई बात नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।"

आजाद ने कहा कि अमेरिका आबादी के मामले में भारत का एक चौथाई है, लेकिन वहां अब तक फ्लू के 18,000 मामले सामने आ चुके हैं और उनमें से 44 लोगों की मौत हो चुकी है।

आजाद ने कहा, "इसी तरह कनाडा में भी 6,000 मामले सामने आ चुके हैं। जापान में 3,000 मामले अब तक सामने आ चुके हैं। इन देशों की तुलना में अपने देश में स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कहा जा सकता है।"

इस बीच गुजरात में अमेरिका से लौटी एक लड़की में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने के बाद उसे निगरानी में ले लिया गया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कम से कम 76 देशों में आधिकारिक तौर पर इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के 35,928 मामले सामने आए हैं। इसमें 163 लोगों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर मौतें मेक्सिको और अमेरिका में हुई हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+