आतंकवाद के खिलाफ पाक के प्रयासों का समर्थन करे भारत : अमेरिका
वाशिंगटन, 18 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बीच मुलाकात के दो दिन बाद अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि भारत और अमेरिका आतंकवादियों के खिलाफ पाकिस्तान के प्रयासों का समर्थन करेंगे।
हिलेरी ने बुधवार को 'अमेरिका -भारतय व्यापार परिषद (यूएसआईबीसी)की ओर से आयोजित सिनर्जीज' शिखर बैठक में कहा कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता का स्वागत करती हैं लेकिन वार्ता के स्थान, व्यापकता और प्रारूप के बारे में दोनों देशों को ही तय करना होगा।
उन्होंने कहा, "नि:संदेह, हमारा मानना है कि भारत और पाकिस्तान कई समान चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और हम दोनों के बीच वार्ता का स्वागत करते हैं।"
हिलेरी ने कहा, "पाकिस्तान अब अपने यहां मौजूद आतंकवादियों की चुनौती का मुकाबला कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि भारत और अमेरिका इन प्रयासों में उसका समर्थन करेंगे।"
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि एक स्थिर और शांतिपूर्ण अफगानिस्तान से भारत और अमेरिका दोनों के हित जुड़े हुए हैं। उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान में पुनर्निर्माण के कार्यो में भारत 1.2 अरब डॉलर की सहायता मुहैया करा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications