ड्रग्स के खिलाफ शिवराज ने छेड़ा अभियान
मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को नरसिंहपुर के नया गांव में नशा मुक्ति शिविर में कहा कि प्रदेश को ड्रग्स के नशे से मुक्त करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स बेचने वाले अपराधियों को कड़ा दंड दिलाने के लिए कानून में आवश्यक संशोधन करने की पहल होगी। साथ ही नशा मुक्ति केंद्र आने वाले ड्रग्स का सेवन करने वालों के इलाज के लिए प्रदेश सरकार आर्थिक मदद देगी।
उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वे लोक सभा चुनाव के दौरान नरसिंहपुर जिले प्रचार के लिए आए थे। उन्होंने लगभग 10 साल के एक बच्चे को हाथ में ड्रग्स की पुड़िया लिए देखा तो वे विचलित हो गए। उन्होंने तभी ठान लिया था कि प्रदेश को ड्रग्स के नशे से मुक्ति दिलाने के लिए अभियान चलाएंगे और इस अभियान की आज शुरुआत हो गई।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह अभियान पूरे प्रदेश में बिना किसी राजनैतिक भेदभाव तथा समाज के सभी वर्गो का सहयोग लेकर चलाया जाएगा। ड्रग्स के अपराधी को चाहे किसी भी राजनैतिक दल अथवा नेता का संरक्षण हासिल हो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री गौरी शंकर बिसेन और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री रंजना बघेल भी मौजूद थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications