उप्र में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम
प्रदेश के मुख्य सचिव ए.के.गुप्ता ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सभी एहितयाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के लखनऊ और बनारस हवाई अड्डों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बाहर से आने वाले खासतौर पर स्वाइन फ्लू प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की वहीं पर चिकित्सकीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के 10 जिलों लखनऊ, आगरा, बनारस, कुशीनगर, मथुरा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, महराजगंज, नोएडा व गोरखपुर में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही ज्यादा रहती है, वहां जिला प्रशासन को खास ध्यान देने को कहा गया है। इन जनपदों में प्रभावित देशों से आकर कोई यात्री होटलों में ठहरता है तो होटल मालिक इसकी जानकारी जिला प्रशासन को देंगे।
उधर प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य प्रदीप शुक्ला ने कहा कि एहितयात के तौर पर प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में एक-एक स्पेशल वार्ड बनाया जाएगा, जिससे कि इस बीमारी के किसी भी मरीज का वहां पर इलाज संभव हो सके।
उन्होंेने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से स्वाइन फ्लू की आवश्यक दवाइयां और उपकरण मिल चुके हैं। इन्हें चिकित्सा महाविद्यालयों के अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अब तक देश भर में स्वाइन फ्लू के 43 मामले सामने आ चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications