स्वाइन फ्लू : बेंगलुरू में तीन और मरीज, देश में 38 मामले (लीड-1)
बेंगलुरू में राजीव गांधी छाती रोग संस्थान के निदेशक एस.बुग्गी ने आईएएनएस को बताया, "दो दिन पहले बैंकाक से आए दो व्यापारियों में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 12 वर्षीय बच्चा लास एंजेलिस से आया हुआ है।"
बुग्गी ने कहा, "जिन 15 लोगों से दो दिन पहले नमूने इकट्ठा किए गए थे, उनमें से तीन में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है। वे सभी अच्छी तरह हैं और स्वस्थ हैं। हमने उन्हें अलग वार्ड में रखा है।"
इसके साथ ही बेंगलुरू में अब तक फ्लू के मामलों की संख्या पांच हो गई है। सभी का इलाज राजीव गांधी छाती रोग संस्थान में चल रहा है।
बेंगलुरू में फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए बेंगलुरू के स्वास्थ्य और परिवार सेवा के निदेशक ने शहर के विक्टोरिया अस्पताल और लेक व्यू जैसे अस्पतालों में फ्लू के रोगियों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की है।
इसके पहले दिल्ली में बुधवार को एक छह वर्षीय बच्चे सहित चार लोगों में फ्लू की पुष्टि हुई थी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कम से कम 76 देशों में आधिकारिक तौर पर इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के 35,928 मामले सामने आए हैं। इसमें 163 लोगों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर मौतें मेक्सिको और अमेरिका में हुई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications