मुसावी समर्थकों की ईरान में दोबारा चुनाव कराने की मांग
तेहरान, 18 जून (आईएएनएस)। ईरान में विपक्ष के नेता मीर हुसैन मुसावी के पक्ष और राष्ट्रपति पद के चुनाव में कथित धांधलियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार छठे दिन गुरुवार को भी जारी रहे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रदर्शनों का आयोजन कर रहे मुसावी समर्थकों के नेटवर्क के अनुसार प्रदर्शनकारी पहले संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के बाहर जमा होंगे और फिर तेहरान के मुख्य भाग की ओर बढ़ेंगे।
मुसावी ने भी प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों के सम्मान में शोक की घोषणा की है। इन विरोध प्रदर्शनों में पांच से 12 लोग मारे गए थे।
मुसावी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि पुराने चुनाव नतीजों को खारिज करने और नए चुनाव कराने की मांग नहीं है लिहाजा उन्हें दोहराने की कोई जरूरत नहीं।
मुसावी समर्थकों के नेटवर्क की ओर से जारी संदेशों में कहा गया है कि राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के खिलाफ अपमानजनक नारेबाजी नहीं होनी चाहिए।
इस बीच ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह अली खमैनी जुम्मे की नमाज के दौरान अपने उपदेश में चुनाव संबंधी विवाद और विरोध प्रदर्शनों के बारे में अपनी बात रखेंगे।
ईरान के संविधान के मुताबिक राजकाज के मामलों में खमैनी का फैसला निर्णायक होगा। पुराने चुनाव रद्द कराने और नए चुनाव संपन्न कराने का आदेश देने का अधिकार उन्हीं के पास है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications