शाइनी आहूजा को 2 जुलाई तक न्यायिक हिरासत (लीड-1)
शाइनी को उनकी नौकरानी की शिकायत पर रविवार रात गिरफ्तार किया गया था। उनकी पुलिस हिरासत की अवधि गुरुवार को समाप्त हो गई। अभियोजन पक्ष के वकील ने शाइनी की पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि जांच को आगे बढ़ाने तथा आरोपी को सबूत या महत्वपूर्ण गवाहों को प्रभावित करने से रोकने के लिए ऐसा किया जाना जरूरी है।
उधर, शाइनी के वकील श्रीकांत शिवडे ने दलील दी कि क्योंकि जांच करीब-करीब पूरी हो चुकी है, इसलिए उनकी पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं है। बचाव पक्ष की दलील से सहमत होते हुए अंधेरी की एक अदालत ने शाइनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
शाइनी के वकील ने मीडिया में आ रही उन खबरों को गलत बताया कि अभिनेता ने बलात्कार का अपराध कबूल कर लिया है।
अदालत में मौजूद शाइनी की पत्नी अनुपम आहूजा ने अदालत के फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, "शाइनी घर के एक कदम और करीब पहुंच गए हैं।"
इससे पहले बुधवार को अनुपम ने अपने पति के बचाव में खुलकर आते हुए कहा था कि शाइनी को फंसाया जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि शाइनी को फंसाने के पीछे किसका हाथ है।
शाइनी को अतिसुरक्षा वाली आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा।
इससे पहले शाइनी के वकील ने कहा था कि वह उनकी जमानत के लिए अदालत के फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications