पर्यटन मंत्री ने की पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
कुमारी सैलजा ने एक बार फिर कहा कि पर्यटन अवसंरचनाओं का विकास एवं सुधार, भारत को विदेशों में पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने के प्रचार एवं प्रसार, घरेलू पर्यटन संवर्धन तथा कौशल विकास, कौशल प्रमाणन, आतिथ्य सत्कार शिक्षा आदि के जरिए मानव संसाधन विकास के द्वारा रोजगार सृजन करना सरकार की प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं। पर्यटन से सतत एवं सम विकास सुनिश्चित होना चाहिए।
उन्होंने कुछ कार्यक्रमों को भी पेश किया जो इस प्रकार हैं- बाजार विकास सहायता (एमडीए) स्कीम मजबूत बनाना, विदेशी मीडिया एवं पर्यटन उद्योग प्रतिनिधियों के लिए परिचय टूर का आयोजन, अंतर्राष्ट्रीय यात्रा मेला एवं प्रदर्शनियों में हिस्सा लेने के लिए उद्योग क्षेत्र एवं राज्य सरकारों को सब्सिडी, बाजार विकास सहायता स्कीम के लाभ भारतीय कन्वेंशन संवद्र्घन ब्यूरो के सदस्यों तक पहुंचाना और राज्य सरकारों और प्रतिनिधियों जैसे जयपुर के ग्रेट इंडिया ट्रेवल बाजार के साथ मिलकर ट्रेवल मार्ट का आयोजन।
इसके अलावा 2009 को भारत यात्रा वर्ष के रूप में पेश करना, इसके लिए आकर्षक पैकेज तय किये जा रहे हैं। चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देना तथा बाजार विकास सहायता स्कीम के जरिए सहयोग पहुंचाना, घरेलू पर्यटन के वास्ते रोडशो आयोजन को सहयोग।
मंत्री ने बताया कि मेगा पर्यटन स्थल विकास के लिए 28 सर्किट स्थल चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 20 मेगा परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी हे। कुमारी सैलजा ने पर्यटन उद्योग प्रतिनिधियों को आगामी महीनों में विदेशों में चलाए जाने वाले पर्यटन प्रचार-प्रसार कार्यक्रम से भी अवगत कराया। ये इस प्रकार हैं-स्कैंडिनेविया (हेलसिकी, स्टाकहोम और ओस्लो) में पाटा इंडिया चैप्टर के साथ मिलकर अगस्त, 2009 में रोड शो, भारतीय साहसिक यात्रा संचालक संघ के साथ मिलकर आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड (एडिलेड, मेलबॉर्न, ब्रिस्बेन, सिडनी, ऑकलैंड और वैलिगटन) में सितम्बर, 2009 में साहसिक पर्यटन रोड शो।
रूस में सितम्बर 2009 में भारतीय खाद्य उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और व्यापारिक सत्र के साथ-साथ रोड शो। भारत की समृद्घ विरासत को प्रदर्शित करते हुए लॉस एंजिलिस के हॉलीवुड बॉल में सितम्बर 2009 में इंडिया कॉलिग नामक कार्यक्रम, पश्चिम एशिया (सऊदी अरब, कुवैत तथा कतर) में अक्तू बर 2009 में आईएटीओ के साथ मिलकर रोड शो।
मंत्री ने पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों को विदेशों में तैनात अधिकारियों से संपर्क करवाने के लिए अगस्त 2009 के पहले सप्ताह में विदेश विपणन मेला के आयोजन की घोषणा की। उन्होंने इन प्रतिनिधियों से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उद्योग को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रमंडल खेल को आगामी वर्षो में भारतीय पर्यटन के विकास के लिए सुनहरे अवसर के रूप में इस्तेमाल करने की अपील की।
केन्द्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुल्तान अहमद ने ग्रामीण पर्यटन की वकालत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications