अच्छी वर्षा के लिए निकली जिंदा आदमी की शव यात्रा
इंदौर में पानी को लेकर मारा-मारी का दौर जारी है। लोगों को कई-कई दिनों में पानी मिल पा रहा है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि लोग पानी की खातिर मरने मारने तक पर आमादा हैं। मानसून के आने में विलंब होने पर यहां की स्थिति और भी बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोग चाहते हैं कि जल्दी मानसून आए और उन्हें पानी की समस्या से मुक्ति मिले। इसके लिए वे टोटके करने में भी पीछे नहीं हैं। होलकर रियासत काल से ही मान्यता रही है कि अगर जिन्दा आदमी की शव यात्रा निकाली जाए तो अच्छी वर्षा होती है। इसी टोटके को बुधवार को राजकुमार सब्जी मंडी क्षेत्र के लोगों ने दोहराते हुए एक जीवित आदमी की शवयात्रा निकाली।
इस शवयात्रा का नजारा ठीक आम शव यात्राओं जैसा ही था। जिसमें आगे-आगे एक व्यक्ति हाथ में धुआं छोड़ता मटका लेकर चल रहा था तो पीछे-पीछे गमगीन लोगों का हुजूम था। बैंड बाजे भी बज रहे थे। टोटके के मुताबिक दाह संस्कार की पूरी प्रक्रिया भी की गई। अर्थी पर लेटा आदमी हाथ जोड़े इंद्र देव से यही प्रार्थना कर रहा था कि वे इंदौर ही नहीं पूरे प्रदेश पर कृपा करें। ताकि लोगों को पानी के संकट से मुक्ति मिले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**