अमेरिका ने मनमोहन सिंह-जरदारी बैठक का स्वागत किया
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान कैली ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "पिछले वर्ष नवंबर में हुए मुंबई आतंकी हमलों के बाद ऐसे उच्च-स्तरीय संपर्क की शुरुआत उत्साहजनक है। हम पहले भी कह चुके हैं कि आतंकवाद के खिलाफ साझा समाधान ढूंढने और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भारत और पाकिस्तान को बातचीत जारी रखने की जरूरत है।"
रूस के येकतरिनबर्ग में शंघाई सहयोग संगठन की शिखर बैठक के दौरान मनमोहन सिंह और जरदारी के बीच हुई बैठक के बारे में मीडिया में आई खबरों का संज्ञान लेते हुए कैली ने कहा, "अमेरिका ने सदैव भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत तथा बेहतर संबंधों का स्वागत किया है। लेकिन यह भी स्पष्ट है कि बातचीत की गति, संभावना और प्रकृति भी भारतीय और पाकिस्तानी नेताओं को ही तय करनी होगी।"
भारत का कहना है कि बातचीत शुरू करने से पहले पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ व्यक्त अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करे। संवाददाताओं ने कैली से जानना चाहा कि आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में सहयोगी पाकिस्तान से वे प्रतिबद्धताएं पूरी कराने के लिए ओबामा प्रशासन क्या करेगा, उन्होंने कहा कि इस प्रश्न का उत्तर उसी का प्रवक्ता देगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications