एयर इंडिया के कर्मचारी 19 जून को करेंगे देशव्यापी प्रदर्शन
एयर कॉर्पोरेशन एंप्लाइज यूनियन (एसीईयू) के महासचिव जे.बी.कादियान ने बताया कि 19 जून को हम देश के सभी हवाई अड्डे पर दिन भर एक बैठक करेंगे। उसके बाद 22 जून से तीन दिनों तक ब्लैक बैज लगा कर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कादियान ने आईएएनएस को बताया कि वेतन नहीं मिलने की स्थिति में 30 जून से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
गौरतलब है कि एसीईयू एयर इंडिया की सबसे बड़ी कर्मचारी यूनियन है जिसके 22,000 हजार से अधिक सदस्य हैं। नेशनल एविएशन कंपनी आफ इंडिया लिमिटेड (एनएसीआईएल) में 31,000 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं।
यूनियन ने एनएसीआईएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अरविंद जाधव को ज्ञापन दिया था। जिसमें वेतन भुगतान में देरी के फैसले को वापस लेने का आग्रह किया गया था।
एनएसीआईएल ने शनिवार को एक नोटिस जारी कर कहा था कि नकदी की कमी की वजह से जून महीने का वेतन मध्य जुलाई तक दिया जाएगा। कंपनी को पिछले वित्त वर्ष में 40 अरब रुपये का घाटा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications