मनमोहन के साथ जरदारी की मुलाकात सकारात्मक : पाकिस्तान
इस्लामाबाद, 17 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की रूस में हुई मुलाकात को सकारात्मक बताया है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने कहा है कि दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू करने के लिए कोई शर्त नहीं रखी गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने बुधवार को एक निजी चैनल को बताया, "हमारे विचार से बातचीत सशर्त नहीं होनी चाहिए, क्योंकि हम बगैर बातचीत के एक-दूसरे को नहीं समझ सकते। इसलिए हम बातचीत के परिणाम को उन्मुख और अपरिवर्तनीय बनाना चाहते हैं।"
जरदारी और मनमोहन सिंह मंगलवार को रूस के शहर येकतरिनबर्ग में मिले थे। वहां दोनों नेता शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे।
मुंबई हमले के बाद जरदारी के साथ पहली बार मुलाकात के दौरान मनमोहन सिंह ने कहा था, "वाकई, मैं आप से मिल कर खुश हूं। लेकिन मेरे पास आपसे कहने के लिए एक छोटा-सा संदेश है कि पाकिस्तानी धरती को भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल न होने दें।"
इस पर जरदारी थोड़ा-सा घबराए, लेकिन जल्द ही दोनों नेताओं ने अपनी बातचीत शुरू कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications