पंजाब में एक और छात्र में स्वाइन फ्लू के लक्षण
जालंधर (पंजाब), 17 जून (आईएएनएस)। पंजाब में एक और छात्र में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके 14 सहपाठी पहले ही स्वाइन फ्लू के लक्षणों के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।
इस छात्र को तेज बुखार, बदन दर्द और नाक बहने की शिकायत के बाद बुधवार को अस्पताल में भर्ती किया गया। जालंधर के जिला स्वास्थ्य अधिकारी रूप लाल ने आईएएनएस को बताया, "स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले एक और छात्र को अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसके रक्त के नमूने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट कल तक आ जाएगी।"
इसके पहले नौ स्कूली छात्रों को रविवार को और पांच को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ये सभी छात्र गुरु अमर दास पब्लिक स्कूल के 31 छात्रों और तीन अध्यापकों के उस समूह में शामिल थे, जो अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के टूर पर न्यूयार्क और फ्लोरिडा गया था।
रविवार को अस्पताल में भर्ती किए गए छात्रों में इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) वायरस की पुष्टि हुई है। रूप लाल ने कहा, "मंगलवार को भर्ती किए गए छात्रों की जांच रिपोर्ट बुधवार की शाम तक आ जाने की उम्मीद है।"
उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने से पहले इन छात्रों के संपर्क में आए लगभग 200 लोगों की सूची तैयार की गई है। स्वास्थ्य अधिकारी उनके स्वास्थ्य की जानकारी के लिए उनसे संपर्क की कोशिश कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications