हत्या के आरोपी पूर्व सांसद को फांसी पर लटकाने की मांग
पटना में लक्ष्मी सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, " जिसने मेरा बसा-बसाया घर उजाड़ दिया, पुत्रों को पिताविहीन बना दिया, उन हत्यारों को इससे कम क्या सजा हो सकती है। विजय कृष्ण इस तरह से हमारा विश्वास तोड़ देंगे, मुझे यह कतई विश्वास नहीं था।"
उन्होंने कहा कि मेरी शादी के पूर्व से मेरे पति और विजय कृष्ण में प्रगाढ़ता थी। आहत लक्ष्मी का कहना है कि उनके घर को विजय कृष्ण ने कुछ नहीं दिया बल्कि यहीं से वह कुछ न कुछ लेते रहे। उन्होंने कहा कि अपने पति के ख्वाब को पूरा करने के लिए वह अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देंगी।
उल्लेखनीय है कि सत्येन्द्र सिंह का अपहरण पटना में गत 23 मई को कर लिया गया था तथा बाद में उनकी हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद उनके शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने गंगा नदी से सत्येन्द्र का शव पिछले गुरुवार को बरामद किया था।
इस मामले की एक प्राथमिकी पटना के एस़ क़े पुरी थाने में दर्ज करवाया गया था। माामले की जांच में पुलिस को पूर्व सांसद विजय कृष्ण तथा उसके पुत्र चाणक्य के हाथ होने की जानकारी मिली थी। मंगलवार को पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद आरोपी विजय कृष्ण तथा चाणक्य के घरों की कुर्की-जब्ती की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications