प्रधानमंत्री का शोपियां बलात्कार पीड़ितों से न्याय का वादा
एयर इंडिया के विशेष विमान से, 17 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मर के शोपियां कांड के दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राज्य में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए सूबे के सभी राजनीतिक व गैरराजनीतिक समूहों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वार्ता की भी पेशकश की है।
रूस के औद्योगिक शहर येकतरिनबर्ग में छह देशों वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शिखर बैठक में हिस्सा लेने के बाद बुधवार को स्वदेश लौटते हुए विशेष विमान में पत्रकारों से चर्चा में प्रधानमंत्री ने कहा, "यह बेहद ही दुर्भाग्यजनक मामला है। इसमें यदि मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ होगा तो प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "सभी समूहों से वार्ता को हम तैयार हैं। यहां तक कि उन समूहों से भी जो राजनीति की मुख्यधारा से बाहर हैं। हमें खुशी होगी यदि ऐसा होता है।"
उन्होंने कहा, "हम उन सभी समूहों से वार्ता को तैयार हैं जो बंदूक और हिंसा का रास्ता छोड़ने को तैयार हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications