अमरनाथ मार्ग पर तीर्थयात्री, कुली की मौत
श्रीनगर, 17 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से एक कुली की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया जबकि मणिगाम पारगमन शिविर के समीप एक अज्ञात तीर्थयात्री का शव बरामद हुआ है। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को बालताल आधार शिविर से पांच किलोमीटर आगे पटरी पर हुई भूस्खलन की घटना में एक कुली की मौत हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया,"भूस्खलन में एक कुली की मौत हुई और एक अन्य कुली घायल हो गया। हमने श्रीनगर-बालताल रोड पर मणिगाम पारगमन शिविर से एक अज्ञात तीर्थयात्री का शव भी बरामद किया है।"
भारी वर्षा और बर्फबारी के कारण सोमवार से अमरनाथ यात्रा का मार्ग काफी खराब हो गया था लेकिन बुधवार को मौसम में सुधार के बाद अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को मणिगाम आधार शिविर से बालताल की ओर बढ़ने की इजाजत दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications