प्रत्येक ईरानी शासन अमेरिका विरोधी : ओबामा
वाशिंगटन, 17 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मंगलवार को कहा कि ईरान के निर्वाचित राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद और सुधारवादी विपक्षी नेता मीर-हुसैन मुसावी के बीच बहुत मामूली फर्क है।
समाचार चैनल सीएनबीसी से एक साक्षात्कार में ओबामा ने स्पष्ट किया कि वह शुक्रवार को आए चुनाव के नतीजों के विषय में तटस्थ बने रहेंगे। वह ऐसा सिर्फ परमाणु मुद्दे पर कड़ी कूटनीति के कारण ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि वह नए शासन द्वारा अपने दमन को 'अमेरिकी हस्तक्षेप' के नाम पर न्यायोचित भी नहीं ठहराने देना चाहते।
ओबामा ने एमएसएनबीसी पर कहा कि ईरान में आश्चर्यजनक असंतोष के उबाल के बावजूद यह समझना महत्वपूर्ण है कि अहमदीनेजाद और मुसावी की नीतियों में वास्तविक अंतर उतना अधिक नहीं है,जितना प्रचारित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से हमारा सामना समान ईरानी शासन से ही होने जा रहा था जो अमेरिका का विरोधी होता और अपने पड़ोसियों के लिए समस्या पैदा करने के साथ ही परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाता।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका के रूढ़िवादी तत्व ओबामा पर ईरान के चुनावों में हुई कथित धांधली की निंदा करने के लिए दबाव डाल रहे हैं।
रिपलिब्कन पार्टी के राष्ट्रपति पद के पराजित उम्मीदवार सीनेटर जान मैक्केन ने ओबामा को चुनौती दी कि वे इन चुनावों को दोषपूर्ण व फर्जी करार दें। उन्होंने कहा कि ईरानी जनता को अहमदीनेजाद के शासन का और चार वर्षो तक शिकार नहीं होना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications