'विदेश जाने से परहेज़ करें भारतीय'

भारत में स्वाइन फ़्लू के कई मामले उजागर होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि फिलहाल भारतीयों को विदेश यात्रा से परहेज़ करना चाहिए.
उन्होंने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा, "मैं ये नहीं कह रहा हूं हमारे भाई-बहन और युवा विदेश यात्रा रद्द कर दें बल्कि वे अपनी यात्रा दो-तीन महीने के लिए स्थगित कर सकते हैं."
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत में यह बीमारी नियंत्रण में है और स्वाइन फ़्लू से पीड़ित रोगियों में से आधे ठीक हो चुके हैं. उन्होंने कहा, "इस बीमारी की दवा की कमी नहीं है और सबसे अहम बात ये कि इस बीमारी का पूर्ण निदान है."
विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से महामारी घोषित स्वाइन फ़्लू से संक्रमित लोगों की संख्या भारत में बढ़कर 23 हो गई है. हालाँकि ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा, "कुल 23 मामलों में से 11 रोगियों का इलाज हुआ और वो पूरी तरह ठीक हो चुके हैं. इसलिए अब सिर्फ़ बारह रोगी बचे हैं."
उन्होंने कहा कि अधिकतर विकसित देशों की तुलना में भारत की जनसंख्या के हिसाब से संक्रमित रोगियों की संख्या काफ़ी कम है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली समेत कई शहरों में स्वाइन फ़्लू से प्रभावित लोगों की जानकारी दी है. स्वाइन फ़्लू के लक्षण सबसे ज़्यादा आंध्र प्रदेश में पाए जा रहे हैं.


Click it and Unblock the Notifications