भारत में स्‍वाइन फ्लू के 30 मामले

Swine flu precautions
नई दिल्ली। अमेरिका से एक शैक्षणिक टूर से लौटे पंजाब के सात छात्रों में फ्लू के वायरस की पुष्टि हो जाने के बाद देश में इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के पीड़ितों की संख्या सोमवार को बढ़कर 30 हो गई। देश में बढ़ते मामलों को लेकर सरकार खासी चिंतित है, लिहाजा सरकार ने लोगों को खासकर छात्रों को सलाह दी है कि वे फिलहाल अपनी विदेश यात्राएं स्थगति कर दें।

स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि चूंकि देश में ज्यादातर मामले अमेरिका से आए हैं। लिहाजा लोगों को अपनी अमेरिका यात्रा कुछ समय के लिए स्थगित कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और अब तक 11 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

पर्याप्‍त दवाएं मौजूद

दिल्ली में आजाद ने मीडिया से कहा, "दवा पर्याप्त मात्रा मौजूद है और इस बीमारी का उपचार सौ फीसदी संभव है। अभी तक 11 मरीजों का उपचार हो चुका है और उन्हें छुट्टी भी दे दी गई है।"

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार जालंधर स्थित गुरु अमर दास पब्लिक स्कूल के 31 छात्रों का एक दल शैक्षणिक टूर पर नेशनल एयरोनाटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) के लिए न्यूयार्क और फ्लोरिडा गया हुआ था। इनमें से 10 छात्रों में इनफ्लुएंजा जैसी बीमारी के लक्षण दिखाई दिए और उन्हें जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यहां जारी एक बयान में कहा गया, "उनमें से सात छात्रों में फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इन सभी छात्रों का स्वास्थ्य स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है।"

बयान में कहा गया है कि बाकी सभी छात्रों, उनके परिजनों और सामाजिक संपर्को तथा विमान में उनके आसपास बैठने वालों की पहचान कर ली गई है। राष्ट्रीय सक्रामक रोग संस्थान (एनआईसीडी) के चार चिकित्सक छात्रों के इलाज की देखरेख करने के लिए जालंधर पहुंच गए हैं।

हैदराबाद में बच्चियां फ्लू की चपेट में

हैदराबाद में रविवार को 45 वर्षीय एक महिला तथा आठ और चार वर्ष की उसकी दो बेटियों के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने की पुष्टि हुई थी। ये तीनों 10 जून को इंडियन एरलाइंस के विमान आईए-140 से न्यूयार्क से यहां पहुंची थीं।

आंध्र प्रदेश चेस्ट रोग अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि दो बच्चों के नमूनों को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) भेजा गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि आईए-140 में इन तीनों के आगे और पीछे की तीन पंक्तियों में बैठे यात्रियों की जांच की जाएगी।

उधर महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारियों ने थाईलैंड से लौटी एक 12 वर्षीय लड़की में फ्लू के लक्षण दिखाई देने के बाद उसे सोमवार को निगरानी में ले लिया।

महाराष्ट्र इनफ्लुएंजा कंट्रोल प्रोग्राम के प्रमुख अधिकारी उद्धव गावाडे ने सोमवार की शाम बताया, "यह लड़की अपने परिवार के साथ थाईलैंड से यहां अपराह्न् में पहुंची। उसे बुखार और खांसी से पीड़ित पाया गया। एहतियात के तौर पर हमने उसे निगरानी में ले लिया है।"

महाराष्‍ट्र में 22 संदिग्‍ध मामलों की जांच

गावाडे ने कहा कि उस लड़की की जांच रिपोर्ट मंगलवार शाम तक आने की उम्मीद है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मध्य प्रदेश में भोपाल की रहने वाली इस लड़की को कस्तूरबा हास्पीटल में एक अलग वार्ड में रखा गया है। अभी तक महाराष्ट्र में फ्लू के 22 संदिग्धों की जांच की जा चुकी है, लेकिन किसी में भी वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।

देश में अब तक 318 संदिग्धों के नमूनों की जांच की जा चुकी है। उसमें से 30 में वायरस की पुष्टि हुई है। इसमें से मात्र दो मामले ऐसे हैं, जिसमें मनुष्य से मनुष्य में संक्रमण हुआ है।

गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू 74 देशों में अब तक लगभग 30,000 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। इस बीमारी से अब तक 145 लोगों की मौत हो चुकी है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+