स्वाइन फ्लू के मद्देनजर बिहार में कड़ी चौकसी
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंद किशोर यादव ने मंगलवार को बताया कि स्वाइन फ्लू का खतरा भांपते हुए राजधानी से लेकर जिला स्तर तक सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रसिद्घ पर्यटक स्थलों बोधगया, नालंदा तथा पटना सहित अन्य स्थानों पर विदेशी पर्यटकों पर खास नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मई से ही नेपाल सीमा पर जोगबनी तथा रक्सौल चेकपोस्ट पर विदेशी सैलानियों और स्वाइन पीड़ित देशों की यात्रा कर नेपाल के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वाइन फ्लू का एक भी मरीज चिन्हित नहीं किया गया है।
यादव के मुताबिक स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए राज्य के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में 10-10 तथा जिला अस्पतालों में पांच-पांच बिस्तर आरक्षित रखने का निर्देश दे दिया गया है।
इधर, राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक राज्य में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के चिकित्सक डा़ विजय कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन भी किया गया है। यह दल राज्य में स्वाइन फ्लू के मरीजों की जांच करेगा।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रभारी डा़ वाई़ क़े गुप्ता के मुताबिक राज्य के हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों तथा सड़क मार्ग से आने वाले विदेशी नागरिकों पर नजर रखने के लिए जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बौद्घ धर्मावलंबियों के प्रसिद्घ तीर्थस्थल बोधगया पर कड़ी निगाह रखी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications