हू से मिले मनमोहन, सीमा वार्ता 7-8 अगस्त को (लीड-1)
येकतरिनबर्ग (रूस), 15 जून (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ के साथ सोमवार की रात मुलाकात के साथ ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की रूस यात्रा विधिवत शुरू हो गई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधि सात व आठ अगस्त को नई दिल्ली में दशकों पुराने सीमा विवाद पर अगले दौर की बातचीत करने वाले हैं।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान वैश्विक वित्तीय संकट के समाधान का खाका प्रस्तुत करने के लिए दोनों देशों की सामूहिक आर्थिक भूमिका पर भी चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने अपने आर्थिक संबंधों को बढ़ाने पर भी चर्चा की।
ज्ञात हो कि दोनों देशों के बीच कुछ कठिन राजनीतिक मुद्दों के बावजूद द्विपक्षीय व्यापार 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
मनमोहन सिंह और हू के बीच मंगलवार को अपराह्न् प्रथम बीआरआईसी (ब्राजील, रूस, भारत, चीन) शिखर सम्मेलन के दौरान दोबारा मुलाकात होगी। इस सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डीसिल्वा भी हिस्सा लेंगे।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के. नारायणन और चीन के विदेश उपमंत्री दई बिंगुओ के बीच दिल्ली में सात व आठ अगस्त को भारत व चीन के बीच सीमा विवाद पर 12वें दौर की बातचीत होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications