जेल में कैदी तय करेंगे भोजन की सूची
बुरैल जेल के अधिकारियों ने जेल की रसोई के हर काम की देखरेख के लिए एक सात सदस्यीय समिति गठित की है। यह समिति भोजन के बजट, उसे पकाने और भोजन की सूची तय करने जैसे सभी मामलों की देखरेख करेगी।
अतिरिक्त महानिरीक्षक (कारावास) नवजोत पाल सिंह रंधावा ने आईएएनएस को मंगलवार को बताया, "समिति इस बात को सुनिश्चित कराएगी कि स्वस्थ्य वातावरण में स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन पकाया जाए।"
रंधावा ने कहा, "इस कार्यक्रम का लक्ष्य यहां रखे गए कैदियों में सहकारिता और नेतृत्व को बढ़ाना है। यहां बुरैल जेल में हम कई कामों में कैदियों की सहभागिता पहले से सुनिश्चित किए हुए हैं, लेकिन यह पहली बार हो रहा है कि वे किसी विभाग की कार्यप्रणाली की देखरेख करेंगे।"
रंधावा ने कहा, "हमें यह विचार दुबई से यहां अक्सर आने वाले एक आगंतुक से मिला। वह दुबई की जेल में कैदियों द्वारा इस तरह की जिम्मेदारी निभाते देख चुका था। उसने यहां भी उस व्यवस्था को अपनाने की हमें सलाह दी।"
रंधावा ने कहा कि समिति के सदस्यों को हर दो महीने पर बदल दिया जाएगा। ताकि जेल के हर कैदी को इस नीति नियामक प्रक्रिया में हिस्सा लेने का बराबर मौका मिल सके। रंधावा ने कहा कि भोजन को लेकर जेल में अक्सर शिकायतें मिलती रहती हैं। इस कदम से उन शिकायतों से भी निजात मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications