एससीओ को क्षेत्रीय मुद्दों का समाधान तलाशना चाहिए : जरदारी
येकतरिनबर्ग, 16 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने मंगलवार को कहा कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान तलाशने में मदद करनी चाहिए। इसके साथ ही जरदारी ने सुरक्षा, ऊर्जा और व्यापार जैसे तीन प्रमुख क्षेत्रों में पाकिस्तान की सहभागिता के लिए एक विशेष कार्यविधि का प्रस्ताव किया।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन ने खबर दी है कि जरदारी ने नवें एससीओ शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कामचलाऊ व्यवस्था के बदले ठोस समाधान की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एससीओ को क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान तलाशने में हर हाल में सहयोग करना चाहिए।
रूस और चीन को दो प्रमुख क्षेत्रीय ताकत करार देते हुए जरदारी ने उनसे चुनौतियों का मुकाबला करने में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। जरदारी ने यह भी कहा कि एससीओ चरमवाद और ड्रग तस्करी को समाप्त करने में भी मदद कर सकता है।
जरदारी ने कहा, "चरमवाद, आतंकवाद और ड्रग तस्करी ने हमें त्रस्त कर दिया है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद से निपटने में मदद करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications