स्वाइन फ्लू : हैदराबाद में एक और मामला, देश में हुए 31 मरीज (लीड-1)
ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान से न्यूजर्सी से दो दिन पहले यहां आने वाले नौ वर्षीय इस बच्चे को आंध्रप्रदेश चेस्ट अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल के डाक्टरों ने कहा कि नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय सक्रामक रोग संस्थान (एनआईसीडी) ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है कि इस बच्चे के खून का नमूना स्वाइन फ्लू वायरस से संक्रमित है।
इसके साथ ही हैदराबाद में स्वाइन फ्लू मामलों की संख्या 13 हो गई है जो कि किसी महानगर की तुलना में सबसे अधिक है। आज से ठीक एक माह पूर्व यहां स्वाइन फ्लू के पहले मामले की पुष्टि हुई थी। यहां स्वाइन फ्लू से पीड़ित सभी मरीज विदेशों से आए हैं।
चेस्ट अस्पताल में अब तक भर्ती किए गए कुल मरीजों में से छह को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि सात का अभी इलाज चल रहा है।
इस बीच भारत ने मंगलवार को अमेरिका से अपील की है कि वह अपने यहां से बाहर जाने वाले यात्रियों की स्वाइन फ्लू की जांच करे। उल्लेखनीय है कि भारत में स्वाइन फ्लू के ज्यादातर मरीज अमेरिका से आए थे।
भारत में अब तक 31 लोग स्वाइन फ्लू से पीड़ित हैं। इनमें से अधिकतर अमेरिका से यात्रा कर स्वदेश आए हैं, जिसमें आठ किशोर भी शामिल हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने संवाददाताओं से कहा, "भारत के मामले को देखें तो यहां स्वाइन फ्लू फैलने में अमेरिका मुख्य स्रोत रहा है।"
उन्होंने कहा कि मेक्सिको में जब लोग हवाई अड्डे पर पहुंचते हैं तो स्वाइन फ्लू संबंधी उनकी जांच की जाती है। इसी तरह अमेरिका में विमान यात्रा करने वाले लोगों की जांच की व्यवस्था होनी चाहिए।
उधर पंजाब के जालंधर शहर में दो और छात्रों में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके खून के नमूने जांच के लिए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय सक्रामक रोग संस्थान (एनआईसीडी) को भेजे गए हैं। इन छात्रों के सात साथियों में पहले ही बीमारी की पुष्टि हो चुकी है और दो की रिपोर्ट आनी बाकी है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार जालंधर स्थित गुरु अमर दास पब्लिक स्कूल के 31 छात्रों का एक दल शैक्षणिक टूर पर नेशनल एयरोनाटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) के लिए न्यूयार्क और फ्लोरिडा गया था। इनमें से 10 छात्रों में रविवार को इनफ्लुएंजा जैसी बीमारी के लक्षण दिखाई दिए और उन्हें जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जालंधर के चिकित्सा अधिकारी रूप लाल ने आईएएनएस से कहा, "दो छात्रों में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने के बाद मंगलवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये छात्र भी नासा जाने वाले 31 छात्रों के दल का हिस्सा थे।"
रूप लाल ने कहा कि जिन सात छात्रों में बीमारी की पुष्टि हो चुकी है उन्हें अलग वार्ड में रखा गया है। दो छात्रों की रिपोर्ट मंगलवार देर शाम तक मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उन लोगों की सूची तैयार कर रहा है जो इन छात्रों के अस्पताल में भर्ती होने से पहले संपर्क में आए थे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार स्वाइन फ्लू की चपेट में दुनिया के 76 देश आ चुके हैं। दुनियाभर में अब तक 35,928 लोग इंफ्लुएंजा ए (एच1एन1) संक्रमण की चपेट हैं। इससे अब तक 163 लोगों की मौत हो चुकी है। मेक्सिको में 108 और अमेरिका में 45 लोगों की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications