मुंबई हमले की रिपोर्ट पेश न होने पर महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा
विपक्षी दलों ने सरकार पर सच्चाई पर पर्दा डालने का आरोप लगाते हुए विधानसभा में हंगामा किया और सरकार से राम प्रधान समिति की पूरी रिपोर्ट और साथ ही कार्रवाई रिपोर्ट भी सदन में पेश करने की मांग की।
हंगामे के दौरान विपक्षी सदस्य विधानसभा अध्यक्ष की आसंदी के निकट पहुंच गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। हंगामा इस कदर हुआ कि कुछ विपक्षी सदस्य विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की कुर्सी पर जाकर बैठ गए।
सरकार द्वारा कार्रवाई रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद जारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही दोबारा जब आरंभ हुई तो भी विपक्षी सदस्यों ने हंगामा जारी रखा। विपक्षी सदस्य पूर रिपोर्ट सदन में पेश करने की मांग कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि राम प्रधान समिति ने पिछले दिनों सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इसके बाद सरकार ने कार्रवाई रिपोर्ट तैयार करने के लिए मुख्य सचिव जॉनी जोसेफ और अतिरिक्त मुख्य सचिव चंद्रा अय्यंगर की दो सदस्यीय समिति गठित की थी।
सरकार ने कार्रवाई रिपोर्ट तो सौंप दी लेकिन प्रधान समिति की रिपोर्ट सदन में पेश नहीं की। मुख्यमंत्री चव्हाण ने आश्वासन दिया कि सरकार राम प्रधान समिति की रिपोर्ट कार्रवाई रिपोर्ट दोनों ही सदन में पेश करेगी। विधानसभा के चल रहे मौजूदा बजट सत्र का आज आखिरी दिन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications