रूस में होंगे मनमोहन-ज़रदारी रूबरू

भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सोमवार को रूस रवाना हो रहे हैं. हालांकि मुलाक़ात तय नहीं है लेकिन इस दौरान वो राष्ट्रपति ज़रदारी से रूबरू होंगे.
दरअसल, मुंबई धमाकों के बाद से ये पहला मौक़ा होगा जब भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी आमने सामने होंगे.
| |
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपने इस दौरे में रूस के येकतरिनबर्ग शहर जाएँगे जहाँ वो शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में हिस्सा लेंगे. इस महत्वपूर्ण बैठक में विश्व आर्थिक मंदी पर बातचीत होगी.
साथ ही मनमोहन सिंह चार देशों- ब्राज़ील, रूस, भारत और चीन के संगठन के शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.
इसके पहले भारत के विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने पत्रकारवार्ता में स्पष्ट किया था कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की इस यात्रा के दौरान उनका पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व से औपचारिक मुलाक़ात का कोई कार्यक्रम अभी तक तय नहीं है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के राष्ट्रपति एक ही समय में एक ही स्थान पर होंगे, वे आपस में अभिवादन भी करेंगे, पर बातचीत की संभावना पर कुछ कहना जल्दबाज़ी होगा.
उनका कहना था प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का इस यात्रा के दौरान कार्यक्रम बहुत व्यस्त है.


Click it and Unblock the Notifications