कार्यकर्ता की मौत के बाद नेपाल में माओवादियों का बंद
काठमांडू, 15 जून (आईएएनएस)। नेपाल में माओवादियों ने अपने एक कार्यकर्ता की मौत के विरोध में पूरी काठमांडू घाटी में बंद का आह्वान किया है। इस बंद का असर प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल मंत्रिमंडल के होने वाले बहुप्रतीक्षित विस्तार पर भी पड़ सकता है।
दरअसल, माओवादी संगठन के पूर्व क्षेत्रीय प्रभारी राजेंद्र फुयाल कई दिनों से लापता थे और रविवार को उन्हें मृत घोषित किया गया।
फुयाल के एक संबंधी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया, "पुलिस ने रविवार को सूचना दी कि राजेंद्र मृत पाए गए हैं और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा है।"
उन्होंने कहा, "लोग बता रहे हैं कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि उनकी मौत विषाक्त पदार्थ खाने से हुई है। हम इसे गलत मानते हैं क्योंकि आत्महत्या करने की उनके पास कोई वजह नहीं थी।"
राजेंद्र की मौत खबर फैलते ही माओवादी कार्यकर्ताओं टीचिंग हॉस्पिटल को जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया। माओवादियों की ओर से बुलाए बंद का काठमांडू और पड़ोसी जिले ललितपुर में खासा असर हुआ।
गौरतलब है कि विरोध प्रदर्शन से माधव कुमार नेपाल के मंत्रिमंडल विस्तार की उम्मीदों को धक्का लगा है। प्रधानमंत्री रविवार को ही अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या 11 तक बढ़ाने वाले थे लेकिन अब इसके सोमवार को भी हो पाने की संभावना नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications