मनमोहन जरदारी से कहेंगे, आतंकियों के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई हो (लीड-1)
येकतरिनबर्ग (रूस), 15 जून (आईएएनएस)। मुंबई हमले के बाद भारत व पाकिस्तान के बीच हो रहे पहले औपचारिक संपर्क के तहत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी मंगलवार को बातचीत करेंगे। बातचीत के दौरान भारत की ओर से पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की शुरुआत इस्लामाबाद द्वारा आतंकवाद के खिलाफ की जाने वाली विश्वसनीय कार्रवाई पर निर्भर होगी।
यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन इसके जरिए दोनों देशों के बीच तत्काल बातचीत नहीं शुरू होने वाली है।
विश्वस्त सूत्रों ने सोमवार को कहा कि भारत अपनी अपेक्षाओं से पाकिस्तान को अवगत कराएगा। वह साफ कहेगा कि पाकिस्तान आतंकियों के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करे।
भारत की ओर से हालांकि साफ किया गया है कि दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात विशुद्ध रूप से संयोगवश हो रही है। लिहाजा इसे पाकिस्तान से आने वाले आतंकवाद के खिलाफ भारत की नरमी या कमजोरी का संकेत न समझा जाए।
दोनों नेताओं के बीच आधा घंटे की यह मुलाकात शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन के मौके पर येकतरिनबर्ग में स्थित होटल हयात रीजेंसी के सिल्वर रूम में होगी।
मनमोहन सिंह ब्राजील, रूस, भारत व चीन (बीआरआईसी) और एससीओ के शिखर सम्मेलनों में हिस्सा लेने सोमवार की रात यहां पहुंचे।
विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने प्रधानमंत्री के विशेष विमान में संवाददाताओं को बताया कि जरदारी से मुलाकात के अलावा मनमोहन सिंह चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ, रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव और कजाकस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायव से भी मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications