कश्मीर में 2 आतंकियों की मौत, पुलिसकर्मी शहीद (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध आतंकियों ने उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में मुख्य बस स्टैंड के पास सोमवार की शाम एक कार पर हमला बोल दिया। कार में बैठे एक पुलिसकर्मी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और उसके साथ का एक नागरिक बुरी तरह घायल हो गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आतंकियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी से अफरातफरी मच गई और इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
मृत पुलिस कर्मी की पहचान मुस्ताक अहमद फाफू के रूप में की गई है। नागरिक की पहचान नाजिर अहमद डार के रूप में की गई है।
अधिकारी ने कहा, "घायल नागरिक की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों ने उसे विशेष इलाज के लिए श्रीनगर भेज दिया है।" इस हमले की अभी तक किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
दूसरी ओर श्रीनगर से 100 किलोमीटर दूर कुपवाड़ा जिले के कुमकाडी गांव में सेना के साथ रविवार को देर रात हुए मुठभेड़ में दो संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
सेना के प्रवक्ता ने कहा, "मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई जब आतंकवादियों ने सेना के एक गश्ती दल पर हमला बोल दिया। सेना की जबावी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए।"
घटनास्थल से दो एके-47 राइफलें, तीन हथगोले सहित मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।


Click it and Unblock the Notifications