बिंदिया को बम का ट्रिगर समझते हैं इजरायली सैनिक
इस साल अप्रैल में जॉर्डन, मिस्र और इजरायल के दौरे पर गया नारवेकर परिवार उस समय हैरान रह गया जब इजरायली सैनिकों ने एस.एस. नारवेकर के माथे पर सजी कुमकुम की बिंदिया को बम का ट्रिगर समझ लिया और उनके साथ संदिग्धों जैसा बर्ताव करने के साथ-साथ उन्हें बुरी तरह अपमानित किया।
श्रीरंग ने बताया कि इजरायली सैनिकों ने उनकी पत्नी के माथे पर सजी बिंदिया को न सिर्फ बम का ट्रिगर कहते हुए उन्हें परेशान किया बल्कि सैनिकों ने यह कहते हुए उनकी पत्नी के जूड़े में लगे सभी पिन निकलवा लिए कि उन्हें उसके अंदर बम होने का अंदेशा है।
श्रीरंग ने कहा, "जब उन्होंने मेरी पत्नी के सिर पर बड़ी बिंदी और गोवा के फैशन में सजा बड़े आकार का जूड़ा देखा तो पूछताछ शुरू कर दी। सुहाग के प्रतीक को लेकर पूछताछ कर उन्होंने हमारा अपमान किया। उन्हें लगा कि मेरी पत्नी कोई मानव बम है।"
श्रीरंग ने कहा कि सैनिकों ने उनकी पत्नी से बाल में लगाए श्रृंगार पिन को हटाने के लिए कहा। इस घटना को याद करते हुए उनकी पत्नी ने कहा, "सैनिकों ने समझा कि बिंदिया बम का ट्रिगर है। उन्होंने इसे तीन बार दबाने के लिए कहा। जब ऐसा करने से कुछ भी नहीं हुआ तो हाथों में बंदूक लिए सैनिक हम पर जोर-जोर से हंसने लगे। हम बहुत अपमानित महसूस रहे थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications