भारत में भी पहुंच सकता है तालिबान : पाकिस्तान
इस्लामाबाद, 15 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने आगाह किया है कि अगर आतंकवाद से लड़ने के लिए उसे अंतर्राष्ट्रीय सहायता नहीं मिली तो तालिबान भारत और फारस की खाड़ी तक पैर पसार सकता है।
समाचार पत्र 'फाइनेंशियल टाइम्स' को दिए साक्षात्कार में पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ जारी अभियान पूरा होने के बाद उनके देश को आपात सहायता और स्वात घाटी व पड़ोसी क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए 2.5 अरब डॉलर की जरूरत पड़ेगी।
पाकिस्तान ने अपने इस वार्षिक बजट में स्वात के विस्थापितों के पुनर्वास के लिए 50 अरब रुपये का प्रावधान किया है। पश्चिमी राजनयिकों ने चेतावनी दी है कि अगर पीड़ितों की सहायता जल्द नहीं की गई तो स्वात पाकिस्तान के अन्य हिस्सों में अस्थिरता की वजह बन सकता है।
कुरैशी ने कहा, "आतंकवादियों का अपना वैश्विक एजेंडा है। उनके पास क्षेत्रीय एजेंडा भी है और वे सिर्फ पाकिस्तान तक सीमित नहीं है। वे फारस की खाड़ी, भारत या कहीं भी पहुंच सकते हैं। "
उन्होंने कहा कि आतंकवाद सामूहिक हितों से जुड़ा है। ऐसे में समझा जाना चाहिए कि यह सिर्फ पाकिस्तान की समस्या नहीं बल्कि एक व्यापक समस्या है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications