अकाली दल ने नूरमहल विधानसभा सीट जीती
जालंधर, 15 जून (आईएएनएस)। पंजाब के जालंधर जिले की नूरमहल विधानसभा सीट पर अकाली दल ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। इस सीट के लिए पिछले दिनों हुए उपचुनाव में अकाली दल की प्रत्याशी रजविंदर कौर विजयी रही हैं।
सोमवार को घोषित नतीजे के अनुसार रजविंदर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व कांग्रेस के प्रत्याशी गुरबिंदर सिंह अटवाल को 15,033 मतों से परास्त किया। रजविंदर को 50,963 और अटवाल को 35,930 मत मिले। यह जानकारी राज्य के निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने आईएएनएस को दी।
रजविंदर, इस सीट से विधायक रहे अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुरदीप सिंह भुल्लर की विधवा हैं। भुल्लर का दिसंबर 2008 को निधन हो गया था। तभी से यह सीट खाली पड़ी थी। यहां पहले 28 मई को मतदान होना था लेकिन विएना के गुरुद्वारे में डेरा सचखंड के नेता पर हमले के बाद पंजाब विशेषकर जालंधर में भड़की हिंसा की वजह से इसे 12 जून तक स्थगित कर दिया था।
नूरमहल सीट पर शुक्रवार को हुए मतदान में 70 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाले थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications