चुनाव निष्पक्ष हुए हैं: अहमदीनेजाद

ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने चुनावों में जीत के बाद कहा है कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हुए थे जबकि अमरीका ने चुनावों पर सतर्क प्रतिक्रिया दी है. अहमदीनेजाद रविवार को एक विजय जूलूस में हिस्सा लेने वाले हैं. शनिवार को देर रात टेलीविज़न पर एक संदेश में उन्होंने कहा कि चुनाव पूर्ण रुप से स्वतंत्र और निष्पक्ष हुए हैं.
ईरान के सबसे बड़े आध्यात्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने चुनाव परिणाम को अल्लाह की देन है. उन्होंने ईरान के लोगों से अपील की है कि देश की सभी ताकतों का इन चुनाव परिणामों का विरोध करने वालों की खिलाफ़त करनी चाहिए.
उल्लेखनीय है कि चुनावों में खड़े बाकी तीन उम्मीदवारों ने चुनाव परिणामों का विरोध किया है. ईरान से मिल रही अपुष्ट ख़बरों के अनुसार देश के कई जाने माने सुधारवादी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इससे पहले शनिवार को चुनाव परिणाम आने के बाद विपक्षी उम्मीदवारों के समर्थक सड़कों पर उतर आए और पुलिस के साथ कई स्थानों पर झड़पें भी हुईं.
अमरीकी प्रतिक्रिया
अमरीका ने ईरानी चुनावों पर अत्यंत सतर्क बयान दिया है. व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा है कि वो चुनाव परिणामों और इसमें अनियमितताओं की शिकायतों पर नज़र रखे हुए हैं.
अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि अमरीका को उम्मीद थी कि ये लोगों की इच्छाओं को दर्शाएगा. यूरोपीय संघ ने ईरान के विपक्षी दलों की शिकायतों पर चिंता जताई है और साथ ही कहा है कि वो इन चुनावों के बाद हो रही हिंसा से भी चिंतित है.
उधर इसरायल के विदेश उपमंत्री डैनी अयालोन ने कहा है कि ये परिणाम ईरान से बढ़ते हुए खतरे को दिखा रहे हैं जिसे रोकना ज़रुरी है.


Click it and Unblock the Notifications