ईरान में प्रदर्शन, कई लोग गिरफ़्तार

ईरान में सुधारवादी गुटों के करीब 100 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इन लोगों पर आरोप है कि राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बाद ये लोग हिंसक गतिविधियाँ कर रहे थे. रिपोर्टों के मुताबिक राष्ट्रपति चुनाव में हारने वाले मीर हुसैन मुसावी के समर्थकों को पकड़ लिया गया जिसमें पूर्व राष्ट्रपति खातमी के भाई भी शामिल है.
मीर हुसैन मुसावी कहाँ है इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि वे बाहर ही हैं. रिपोर्टें के अनुसार जिन लोगों को पकड़ा गया है वो सुधारवादी राजनीतिक पार्टियों के सदस्य हैं जिन्होंने चुनाव में मीर हुसैन मुसावी का समर्थन किया था.
शनिवार को महमूद अहमदीनेजाद के दोबारा राष्ट्रति चुने जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने तेहरान की सड़कों पर प्रदर्शन किया था. हालांकि मीर हुसैन मुसावी ने आह्वान किया था कि हिंसा न की जाए लेकिन फिर भी तेहरान में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं.
मीर हुसैन मुसावी ने चुनाव के नतीजे मानने से इनकार कर दिया है और कहा कि इसमें बड़े स्तर पर अनियमितताएँ हुई हैं.
नतीजों पर बवाल
ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में महमूद अहमदीनेजाद की शानदार जीत हुई है.चुनाव आयोग के मुताबिक़ महमूद अहमदीनेजाद को 60.2 प्रतिशत मिले. जबकि 85 प्रतिशत लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया.
लेकिन अहमदीनेजाद के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी मुसावी ने भी जीत का दावा किया है और नतीजों को खिलवाड़ बताया है. रविवार को अहमदीनेजाद पत्रकार वार्ता करेंगे और फिर विजयी परेड में हिस्सा लेंगे. शनिवार को टीवी पर आए भाषण में उन्होंने चुनाव के दौरान ईरान के लोगों पर मनोवैज्ञानिक युद्ध चलाने का इल्ज़ाम लगाया और कहा कि ये चुनाव निष्पक्ष हैं.
वहीं अमरीका ने ईरानी चुनावों पर सतर्क बयान दिया है. व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा है कि वो चुनाव परिणामों और इसमें अनियमितताओं की शिकायतों पर नज़र रखे हुए हैं.
अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि अमरीका को उम्मीद थी कि ये लोगों की इच्छाओं को दर्शाएगा. यूरोपीय संघ ने ईरान के विपक्षी दलों की शिकायतों पर चिंता जताई है और साथ ही कहा है कि वो इन चुनावों के बाद हो रही हिंसा से भी चिंतित है.
उधर इसरायल के विदेश उपमंत्री डैनी अयालोन ने कहा है कि ये परिणाम ईरान से बढ़ते हुए खतरे को दिखा रहे हैं जिसे रोकना ज़रुरी है.


Click it and Unblock the Notifications