पश्चिम बंगाल में टकराव में 3 की मौत
लालगढ़ (पश्चिम बंगाल), 14 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के अशांत मिदनापुर जिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं और एक जनजातीय संगठन के बीच हुए टकराव में तीन लोगों की मौत हो गई।
माकपा नेता अनुज मंडल ने दावा किया कि मारे गए पीड़ित पार्टी कार्यकर्ता हैं और जनजातीय संगठन पीपुल्स कमेटी अगेन्स्ट पुलिस एट्रोसिटी (पीसीएपीए) के गुंडों ने उनकी हत्या कर दी है।
उन्होंने कहा कि टकराव के बाद माकपा के नौ कार्यकर्ता लापता हैं।
जिलाधिकारी एन.एस.निगम ने आईएएनएस को यहां बताया, "हमें इन मौतों के बारे में सूचना मिली है। हम अभी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि पीड़ित माकपा कार्यकर्ता थे या नहीं। हमें लापता लोगों के बारे में भी शिकायत मिली है। लेकिन हमारे पास इस बारे में कोई पुष्ट खबर नहीं है।"
उधर पीसीएपीए नेता छत्रधर महतो ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, "माकपा झूठे आरोप लगा रही है। माकपा का उस इलाके पर नियंत्रण है।"
ज्ञात हो कि लालगढ़ पिछले वर्ष नवंबर महीने में उस समय सुर्खियों में आया, जब उस इलाके में मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य और दो केंद्रीय मंत्रियों के एक काफिले को लक्ष्य कर एक सुरंग में विस्फोट किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications