नौजवान के साहस ने बचाई 4 की जान
मिली जानकारी के मुताबिक माता चौक के करीब स्थित भूतेश्वर मंदिर के सूखे पड़े 50 फुट से अधिक गहरे कुएं में रविवार को एक अधेड़ विनय गिर गया। उसे निकालने की कोशिश में उसका भतीजा मुकेश भी बेहोश होकर कुएं में जा समाया। इसी तरह रघुनाथ और शेख मुबारिक भी कुएं में गिरे दो लोगों को बचाने की कोशिश में जा समाए। कुएं में बहुत कम पानी था जिससे चारों डूबे तो नहीं मगर ऑक्सीजन की कमी के चलते बेहोश हो गए।
खंडवा कोतवाली के थाना प्रभारी सुनील कुमार जॉली ने आईएएनएस को बताया कि चार लोगों के कुएं में गिरकर बेहोश की खबर मिलने पर सिलेन्डरों के सहारे कुएं में ऑक्सीजन छोड़ी गई। इस स्थिति में चारों को कुछ होश आने लगा मगर उन्हें कुएं से बाहर निकलना आसान नहीं था। स्थानीय निवासी प्रकाश पचौरा ने चारों को निकालने के लिए कुएं में उतरने का फैसला किया। प्रकाश को ऑक्सीजन लगाकर लोगों की मदद से कुएं में उतारा गया और वह एक एक करके चारों को बाहर निकालने में सफल हो गया।
जॉली बताते हैं कि ऑक्सीजन मिलने से चारों को होश तो आ गया था मगर उन्हें सकुशल बाहर निकालना सबसे बड़ी चुनौती थी। इस चुनौती में प्रकाश मददगार बनकर आगे आया और उसने अपनी जान को जोखिम में डालकर चार लोगों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। चारों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications