पुलिस को महालिंगम की आत्महत्या की आशंका
मल्लापुर के पुलिस इंस्पेक्टर के. जी. गांवकर ने आईएएनएस से कहा, "हमें यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हो सकता है कि उन्होंने नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली हो और फिर तेज पानी में बह गए हों।"
उल्लेखनीय है कि मानसून की बारिश की वजह से इन दिनों काली नदी उफान पर है।
गांवकर ने कहा, "नौसेना के गोताखोरों द्वारा शनिवार रात शव नदी से बरामद किए जाने के बाद हमने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है।"
महालिंगम का शव कैगा अस्पताल लाए जाने के बाद उनकी विधवा विनायकर सुंदरी ने उनके शव की कपड़े और अंगूठी के जरिये पहचान की।
गांवकर ने कहा, "महालिंगम के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी मौत डूबने से हुई है। हैदराबाद में डीएनए टेस्ट कराने के लिए ऊतकों और खून के नमूने महालिंगम के शव से ले लिए गए हैं।"
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में अभी किसी अन्य पर संदेह करना उचित नहीं होगा क्योंकि घटना की जांच जारी है।
कैगा के इंस्पेक्टर विट्ठलदास पैल ने आईएएनएस से कहा, "अभी नहीं कहा जा सकता कि महालिंगम की हत्या की गई है या नहीं। वैसे भी इस मामले की जांच का जिम्मा कारवार के जिला पुलिस उपाधीक्षक बाबू डी. कोलेकर को सौंपा गया है।"
ज्ञात हो कि 47 वर्षीय यह वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमवार सुबह अपने घर से टहलने के लिए निकलने के बाद लापता हो गया था।
महालिंगम की पत्नी विनायकर सुंदरी ने दिन भर उनके घर लौटने की राह देखने के बाद देर सोमवार उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मल्लापुर थाने में दर्ज करा दी थी।
कैगा के प्रवक्ता जुगल किशोर ने बताया कि महालिंगम पिछले 10 वर्षो से संयंत्र में काम कर रहे थे और टाउनशिप के एक आवास में रहते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे


Click it and Unblock the Notifications