पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 35 तालिबानियों को मार गिराया
इस्लामाबाद, 14 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने देश के अशांत उत्तर पश्चिम इलाके में लड़ाकू विमानों और हथियारबंद हेलीकाप्टरों से हमला कर रविवार को कम से कम 35 तालिबान आतंकियों को मार गिराया।
सेना की ओर से कहा गया है कि उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के बन्नू जिले में लड़ाई ऐसे समय में शुरू हुई, जब सुरक्षा बल के जवान स्वात और उत्तर के दो अन्य जिलों में प्रमुख तालिबान विरोधी अभियान में जुटे हुए हैं। यह अभियान रविवार को अपने 49वें दिन में प्रवेश कर गया।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन ने खबर दी है कि बन्नू जिले में सैन्य अभियान एक सप्ताह पहले शुरू हुआ था। रविवार को सुरक्षा बलों ने जिले के जानी खेल और बकल खेल इलाकों में ताजा हमला किया और 35 तालिबान आतंकियों को मार गिराया।
सूत्रों के मुताबिक जानी खेल का लगभग पूरा इलाका आतंकियों से मुक्त करा लिया गया है।
सेना ने कहा कि उसने बुनेर और निचले दीर जिले पर कमोबेश नियंत्रण हासिल कर लिया है और अब स्वात में तलाशी अभियान जारी है।
सेना के मुताबिक अब तक की लड़ाई में 1400 तालिबानी आतंकवादी मारे जा चुके हैं। हालांकि इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पा रही है क्योंकि युद्ध क्षेत्र में मीडिया के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है।
सैन्य अभियान की वजह से पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम के तीन जिलों के करीब 30 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।