हफ्ते भर के लिए सीबीआई हिरासत में भेजे गए पद्मसिंह पाटिल
मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की एक अदालत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से निलंबित सांसद पद्मसिंह पाटिल को 20 जून तक के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया है। पाटिल पर अपने चचेरे भाई और कांग्रेस नेता पवन राजे निंबालकर की हत्या का आरोप है।
अदालत ने इस मामले में सह-अभियुक्त और व्यवसायी मोहन शुक्ला एवं सतीश मनदादे की न्यायिक हिरासत की अवधि 26 जून तक के लिए बढ़ा दी।
उस्मानाबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद पाटिल को विगत सात जून को गिरफ्तार किया गया था। वरिष्ठ सरकारी वकील एजाज खान ने कहा कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 120 बी के तहत अभियोग लगाया गया है।
पाटिल ने अदालत से कहा कि सीबीआई उन पर निंबालकर की हत्या का इल्जाम स्वीकार करने के लिए दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने उन पर नारको परीक्षण के लिए भी दबाव बनाया था जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications