आतंकवाद से निपटना मेरी प्राथमिकता : शिवानंदन (लीड-1)
मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। मुंबई के नवनियुक्त पुलिस आयुक्त डी. शिवानंदन ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही रविवार को अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी। उनका कहना है कि आतंकवादी गतिविधियों से निपटना और पुलिस का मनोबल बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
पदभार संभालने के बाद पुलिस मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में शिवानंदन ने कहा, "आतंकवादी गतिविधियों से निपटना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। मुंबई को सुरक्षित शहर बनाने में मेरी मदद करें। लोगों की सुरक्षा मेरे लिए मुख्य काम होगा।"
वर्ष 1976 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी शिवानंदन खुफिया विभाग की अच्छी समझ रखते हैं। वह राज्य खुफिया विभाग के आयुक्त रह चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में भी काम किया है।
इससे पहले, मुंबई पुलिस मुख्यालय में रविवार को पूर्व पुलिस आयुक्त हसन गफूर ने शिवानंदन को कार्यभार सौंप दिया। इस मौके पर गफूर ने उन्हें बधाई दी और उनकी सफलता की कामना की। गूफर ने कहा कि शिवानंदन के समक्ष ढेर सारी चुनौतियां हैं लेकिन उन्हें विश्वास है कि वह इनसे निपटने में कामयाब रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुंबई हमले के बाद गफूर पर सवाल खड़े हुए थे और इसी के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को उनका स्थानांतरण कर दिया। हालांकि सरकार की ओर उनके स्थानांतरण को उनकी पदोन्नति बताया गया है। उन्हें महाराष्ट्र पुलिस आवास निगम लिमिटेड का महानिदेशक बनाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications