रायबरेली में मोर मारने के आरोप में तीन गिरफ्तार
लखनऊ, 14 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में तीन मोरों को मारने के एक मामले में रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि इसी मामले से जुड़े दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
जिले के सरेनी थाना-प्रभारी संजय मौर्या ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि घटना धनपालपुर गांव की है, जहां 3 मोर मारने के आरोप में बदलू, अंसार और बेनी को गिरफ्तार किया गया। जबकि इनके दो साथी भागने में सफल रहे। तीनों के कब्जे से तीनों मोरों के शव बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोर का शिकार कर उन्हें बेचने का काम करते थे।
मौर्या ने बताया कि गिरफ्तार शिकारियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। ज्ञात हो कि मोर राष्ट्रीय पक्षी है, जिसे मारना अपराध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications