मध्य प्रदेश ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए किए पुख्ता इंतजाम
भोपाल, 14 जून (आईएएनएस)। दुनिया भर में फैलने के बाद भारत में भी दस्तक दे चुके स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य अमले ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। वैसे प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कोई भी मामला अभी तक सामने नहीं आया है।
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव देव राव बिरदी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में स्वाइन फ्लू को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। बिरदी ने निर्देश दिए हैं कि एहतियात के तौर पर प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में एक-एक आईसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा ताकि इस बीमारी के किसी भी मरीज का वहां पर इलाज संभव हो सके।
बिरदी ने बताया कि प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से स्वाइन फ्लू की दवाइयां, मास्क तथा दस्ताने आदि प्राप्त हो चुके हैं। इन सामग्रियों को चिकित्सा महाविद्यालयों के अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालांकि प्रदेश में स्वाइन फ्लू का खतरा नहीं है फिर भी एहतियाती तैयारियां रखी जानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications