ट्रांसपोर्टर की हत्या के विरोध में व्यवसायी सड़कों पर उतरे
पटना सिटी में हत्या के विरोध में व्यवसायियों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया और सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रखे गए। प्रदर्शनकारी पुलिस विरोधी नारे लगा रहे थे तथा सरकार से व्यवसायियों की सुरक्षा की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में सड़कों पर टायर जलाकर जाम भी लगाया गया।
स्थानीय व्यवसायी विनोद झुनझुनवाला ने आईएएनएस से कहा, "एकबार फिर ऐसा लगने लगा है बिहार में जंगल राज कायम हो गया है। राज्य सरकार एक ओर व्यवसायियों से बिहार में पूंजी निवेश की बात कर रही है और दूसरी ओर उनको कोई सुरक्षा नहीं दी जा रही है। ऐसे में कोई व्यवसायी बिहार में पूंजी क्यों लगाएगा?"
उधर, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एम़ मल्लार विजी ने बताया कि पटना सिटी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 'आजाद ट्रांसपोर्ट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' के मालिक टेकरीवाल शुक्रवार रात कार से पटना से पटना सिटी स्थित अपने आवास लौट रहे थे, तभी कदमकुंआ थाना क्षेत्र के राजीवनगर मुहल्ले में अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि कार में सवार एक महिला गोली लगने से घायल हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications