विनय थुम्मलापल्ली के राजनयिक बनने से परिवार में खुशी
विनय के पिता और आंध्र प्रदेश फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अवकाश प्राप्त वैज्ञानिक टी. धर्म रेड्डी ने आईएएनएस से कहा, "हम बेहद खुश हैं कि हमारा बेटा बेलिज में अमेरिकी राजदूत नियुक्त हुआ है। हमें अपने बेटे की उपलिब्धयों पर गर्व है।"
शहर के जुबली हिल्स स्थित विनय के आवास पर उनके मित्र और संबंधी बधाई देने पहुंचे। उनके भाई अजय कुमार रेड्डी ने बताया कि विनय 1974 में अमेरिका गए थे। कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय से मकैनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद विनय ने व्यवसाय प्रबंधन में स्नात्कोत्तर की डिग्री हासिल की। कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय में ही उनकी मुलाकात बारबरा से हुई। ओबामा उनसे एक साल जूनियर थे। उनमें दोस्ती हो गई और यह दोस्ती इस कदर बढ़ी कि वे ओबामा की शादी में भी शरीक हुए।
विनय के परिजनों का कहना है कि उन्हें राजनीति के प्रति बहुत ज्यादा लगाव नहीं था लेकिन धीरे-धीरे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भाषणों और कार्यक्रम से वह प्रभावित हुए। इसके बाद ही उन्होंने अपने मित्र ओबामा के लिए चुनाव प्रचार करने का फैसला किया।
दो बच्चों के पिता विनय ने राष्ट्रपति चुनाव में ओबामा के प्रचार के लिए 100,000 डॉलर से अधिक चंदा एकत्र किया था।
वह ऑप्टिकल डिस्क की निर्माता और वितरण कंपनी एमएएम-ए इंक. के अध्यक्ष हैं। वह अपने 31 वर्ष के करियर में कई और कंपनियों में अहम पदों पर रह चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications