झारखंड में बारूदी सुरंग विस्फोट, 3 पुलिसकर्मी घायल
रांची, 13 जून (आईएएनएस)। झारखंड में सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले जारी रखने के क्रम में नक्सलियों ने शनिवार को राज्य के खुंटी जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट किया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
रांची क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राजकुमार मलिक ने आईएएनएस को बताया, "खुंटी जिले के रानिया प्रखंड में हुए बारूदी सुरंग विस्फोट में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।"
पुलिस का एक दस्ता लंबी दूरी की गश्त के बाद चौकी लौट रहा था तभी खुंटी और रानिया को जोड़ने वाली सड़क पर नक्सलियों ने विस्फोट कर दिया। विस्फोट के बाद नक्सलियों ने पुलिस के दस्ते पर गोलीबारी भी की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की तो नक्सली वहां से भाग निकले।
गौरतलब है कि बीते बुधवार से नक्सली हमले की चार अलग-अलग घटनाओं में 24 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए हैं और 28 घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications