अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है पाकिस्तान : जरदारी
इस्लामाबाद, 13 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शनिवार को कहा कि उनका देश ्न'अस्तित्व की लड़ाई' लड़ रहा है और तालिबान के खिलाफ जारी अभियान आखिरी क्षण तक जारी रहेगा।
जरदारी ने देर रात टेलीविजन पर राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा, "हम अपनी संप्रभुता के लिए संघर्षरत हैं। हम आखिर तक लड़ाई जारी रखेंगे और हम किसी भी हालत में जीतकर रहेंगे।"
'जियो टीवी' के अनुसार जरदारी ने कहा, "हम उन संदिग्ध आतंकवादियों के खिलाफ युद्ध लड़ रहे हैं जो ताकत के बल पर अपना एजेंडा हम पर थोपना चाहते हैं। तथाकथित तालिबान दरअसल ज्ञान के प्रसार और शिक्षा के विरूद्ध है इसीलिए उन्होंने कई स्कूलों और कॉलेजों को ध्वस्त कर दिया है।"
जरदारी का यह बयान ऐसे मौके पर आया है जब शुक्रवार को लाहौर और नौशेरा शहर की दो मस्जिदों पर दो आत्मघाती हमले किए गए। इन हमलों में एक प्रमुख मुस्लिम विद्वान समेत कम से कम छह व्यक्ति मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हो गए।
जरदारी ने कहा कि तालिबानी वही लोग हैं जिन्होंने सैंकड़ों मासूम लोगों के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो और धार्मिक नेता सरफराज नईम की हत्या की।
उन्होंने स्वात में सैनिक छावनी की स्थापना करने की घोषणा की और जोर देकर कहा, "हम दुख की इस घड़ी में स्वात की जनता को अकेला नहीं छोड़ेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications